नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को श्रीलंका दौरे से आराम दिया गया था, पर उनके भीतर क्रिकेट का जुनून उन्हें आराम नहीं करने दे रहा है। अश्विन 2019 में होने वाले आइसीसी विश्व कप की तैयारियों के लिए इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेल रहे हैं और वहां उन्होंने कमाल का प्रदर्शन किया है।
अश्विन ने पहली बार काउंटी में कोई मैच खेला और अपने डेब्यू मैच में ही कमाल कर दिया। अश्विन ने वॉस्टरशर के लिए खेलते हुए पहली पारी में तीन विकेट लिए थे और दूसरी पारी में उन्होंने और बेहतर प्रदर्शन किया और पांच विकेट निकाले। अश्विन ने इस तरह अपने पहले मैच में कुल आठ विकेट चटकाए।
अश्विन के इस प्रदर्शन के बाद उनकी टीम ने डिविजन 2 मैच में गॉल्स्टरशर को 189 रनों से हरा दिया। गॉल्स्टरशर की टीम 401 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 211 रन पर सिमट गई। अश्विन ने दूसरी पारी में 68 रन देकर पांच विकेट चटकाए।
⭐️⭐️⭐️⭐️⭐️ bowling from @ashwinravi99!
5/68 on the @BCCI spin wizard’s @WorcsCCC debut 🌪 pic.twitter.com/ggWX7FISx1
— County Championship (@CountyChamp) August 31, 2017
अश्निन ने अपने बल्ले से भी कमाल दिखाया और पहली पारी में नंबर 6 पर खेलते हुए 36 रन भी बनाए। दूसरी पारी में भी उन्होंने 28 रनों का योगदान दिया। भारत के एक और खिलाड़ी चेतेश्वर पुजारा भी काउंटी टीम नॉटिंघमशर के लिए खेल रहे हैं। उन्हें 5 सितंबर को अश्विन का सामना करना होगा। बीसीसीआइ ने लंबे समय बाद अपने खिलाड़ियों को इंग्लिश काउंटी में खेलने की इजाजत दी है।

