कोलंबो: श्रीलंका के पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी चमारा सिल्वा पर मैच फिक्सिंग के आरोपों के तहत दो साल का प्रतिबंध लगाया गया है. ऐसा कहा जा रहा है कि श्रीलंका में टीयर-बी की टीमों के बीच इस साल की शुरुआत में खेले गए एक मैच में परिणामों के साथ उलटफेर किया गया था. श्रीलंका क्रिकेट संघ (एसएलसी) ने इस मामले में सात माह की जांच के बाद यह फैसला दिया है. उल्लेखनीय है कि इस साल 23 से 25 जनवरी के बीच पानाडुरा क्रिकेट क्लब और कालुतारा फिजिकल कल्चर क्लब के बीच खेले गए मैच के तीसरे दिन परिणाम में गड़बड़ी की बात सामने आई थी.
एसएलसी ने यह पता करने के लिये जांच बैठाई थी कि क्या इन दो क्लबों के बीच का मैच फिक्स था क्योंकि एक दिन में 24 विकेट गिरे तथा केवल 13.4 ओवर में 165 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया गया. एसएलसी ने इन दो क्लबों के बीच खेले गए मैच में फिक्सिंग को लेकर जांच की, जिसे पहले से ही फिक्स माना जा रहा था.
पानाडुरा का नेतृत्व करने वाले सिल्वा पर जहां एक ओर दो साल का प्रतिबंध लगाया गया है, वहीं कालातुरा क्लब के कप्तान मनोज देशाप्रियम पर भी दो साल का प्रतिबंध लगा है. श्रीलंका के लिए अपने करियर के दौरान सिल्वा ने 1999 से 2011 तक 11 टेस्ट, 75 वनडे मैच खेले.इसके अलावा क्लब के अन्य खिलाड़ियों और कोचों पर एक-एक साल का प्रतिबंध लगाया गया है. दोनों क्लबों को जुर्माने के तौर पर पांच लाख रुपये का भुगतान करना है.

