कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट मैच में विराट कोहली ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का 50वां शतक जमाया। इस शतकीय पारी के बावजूद टीम इंडिया इस मैच को जीतने में नाकाम रही। लेकिन इस मुकाबले में कप्तान कोहली ने एक ऐसा काम कर दिया जो आजतक कोई भी भारतीय कप्तान नहीं कर पाया था।
किसी भारतीय कप्तान ने पहली बार किया ये काम
श्रीलंका के खिलाफ खेले गए पहले टेस्ट मैच में विराट कोहली पहली पारी में खाता तक खोलने में नाकाम रहे थे। पहली पारी में कोहली भले ही शून्य पर आउट हो गए हों, लेकिन दूसरी पारी में शतक जमाकर उन्होंने एक ऐसी उपलब्धि हासिल कर ली, जिसे भारत का कोई भी कप्तान हासिल नहीं कर पाया था। विराट एक ही टेस्ट में शून्य और शतक लगाने वाले पहले भारतीय कप्तान और 18वें ओवरऑल कप्तान बने। भारतीय बल्लेबाजों में उनसे पहले चेतेश्वर पुजारा ने 2015 में कोलंबो में श्रीलंका के ही खिलाफ ऐसा किया था, जबकि भारतीय सरजमीं पर मिस्टर कूल राहुल द्रविड़ ने 2008 में मोहाली में इंग्लैंड के खिलाफ यह कारनामा किया था।

virat news
सबसे आगे निकले कोहली
कप्तान के तौर पर कोहली इस साल क्रिकेट के सभी प्रारूप में 09 शतक लगा चुके हैं। उनके अलावा कोई और कप्तान इस साल इतने या इससे ज्यादा शतक नहीं लगा पाया है। रिकी पोंटिंग (2005 और 2006) और ग्रीम स्मिथ (2006) ने एक साल में नौ शतक जड़े थे। कोहली को अभी इस साल छह अंतरराष्ट्रीय मैच और खेलने हैं तो उनके पास रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है।

