रांची: भारत ने शनिवार को झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) स्टेडियम में बारिश से बाधित पहले टी-20 मैच में ऑस्ट्रेलिया को नौ विकेट से हरा दिया. इस जीत के बाद भारत के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने कहा कि अगर लक्ष्य बड़ा भी होता, तो उनकी टीम हासिल कर लेती. बारिश के कारण ऑस्ट्रेलियाई पारी 18.4 ओवर में आठ विकेट पर 118 रन पर खत्म हो गई. जवाब में भारत को छह ओवर में 48 रन का संशोधित लक्ष्य मिला, जिसे उसने तीन गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया. मैच के बाद धवन ने कहा, ‘हमारे सामने बड़ा लक्ष्य नहीं था लेकिन विकेट ऐसा था कि इस पर रन बनाना आसान नहीं था. वैसे हम बड़ा लक्ष्य मिलने पर भी जीत जाते.’
‘छह ओवर में कितने लोग बल्लेबाजी कर सकते हैं. धोनी भाई की बल्लेबाजी नहीं देखने से यहां के लोग निराश होंगे लेकिन भारत की जीत की खुशी तो मिली ना.’ पिछले कुछ अर्से में भारतीय टीम शानदार प्रदर्शन के कारण एक समय की ऑस्ट्रेलियाई टीम की तरह अपराजेय होती जा रही है और धवन ने कहा कि अगर ऐसा होता है तो बहुत शानदार होगा.

